अंतिम संस्कार के बाद उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब रिश्तेदारों को लेकर लौट रही एक ऑटो अचानक पीछे की ओर चलकर जलती चिता में जा घुसी। आग की चपेट में आने से ऑटो में सवार मामा और भांजा झुलस गए। दोनों ने किसी तरह ऑटो से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन चिता की आग से ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घायल मामा-भांजे को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन क्षेत्र का है।
अंतिम संस्कार में पहुंचे थे मामा-भांजा
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चलाते हैं। उनका भांजा शैलेंद्र सिंह कोरबा के इमलीडुग्गू में रहता है। मंगला की दीनदयाल कॉलोनी में रहने वाली उनकी एक वृद्ध रिश्तेदार की तबीयत खराब थी। शुक्रवार को वृद्धा की मौत हो गई।
रिश्तेदार के निधन की सूचना मिलने पर दशरथ सिंह अपने भांजे शैलेंद्र को लेकर मंगला धुरीपारा पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों ऑटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
बैक गियर में होने से पीछे चली गई ऑटो
बताया जा रहा है कि ऑटो बैक गियर में लगी हुई थी। दशरथ सिंह ने वाहन स्टार्ट कर उसे आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन ऑटो आगे जाने के बजाय पीछे की ओर चल पड़ी। इसी दौरान पीछे जल रही चिता में ऑटो जा घुसी।
आग में ऑटो जलकर खाक
चिता की आग की चपेट में आते ही ऑटो में आग लग गई। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में बैठे दशरथ सिंह और उनके भांजे शैलेंद्र सिंह किसी तरह बाहर निकले, लेकिन इस दौरान दोनों झुलस गए। चिता की आग से ऑटो पूरी तरह जल गई। हादसे में झुलसे मामा और भांजे को तत्काल उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
रावण दहन में हनुमान की पूंछ में लगी आग, कलाकार समेत 3 झुलसे; मची अफरा-तफरी





