तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचला दिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर बैठा नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना सूरजपुर जिले के भैयाथान थाना क्षेत्र का है।
दामाद के घर से लौट रहे थे पति-पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केवरा निवासी देवनाथ पिता लालसाय यादव अपनी पत्नी मनबसिया और 12 वर्षीय नाती आशीष के साथ बाइक से अपने दामाद के घर ग्राम टईयां गए थे। वहां तीनों मूंगफली कोड़ने के काम में लगे हुए थे। शुक्रवार शाम काम खत्म करने के बाद वे बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चंदरपुर रोड से मुख्य मार्ग की ओर आते समय सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईडी 1246 की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
दूर तक घिसटती चली गई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक और बाइक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक में फंसकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। ट्रक चालक ने बाइक सवारों को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन हादसा टल नहीं सका। दुर्घटना में मनबसिया ट्रक के नीचे आ गईं, जबकि देवनाथ बाइक सहित ट्रक के सामने घिसटते हुए दूर जा पहुंचे। गंभीर चोटों के कारण पति-पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर सवार 12 वर्षीय नाती आशीष उछलकर दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही चेंद्रा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, भैयाथान थाना प्रभारी और भटगांव तहसीलदार शिवनारायण राठिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं मृतक पति-पत्नी के शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
तेज रफ्तार वाहन ने चाचा-भतीजे को कुचला, दोनों की मौत, परिवार में पसरा मातम





