बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में शनिवार रात एक युवक ने तीन साल की मासूम बच्ची को चाकू की नोक पर ले जाने का प्रयास किया। बच्ची को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 50 वर्षीय दादी पर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बच्ची को चाकू की नोक पर लेने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे ग्राम मेंड्रा में पानी टंकी के पास स्थित काली यादव के घर की है। आरोप है कि प्रशांत शुक्ला उर्फ सोनू (25 वर्ष) ने पूर्व रंजिश के चलते घर में मौजूद तीन साल की मासूम बच्ची के गले पर चाकू रख दिया और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की।
मासूम बच्ची की जान खतरे में देखकर उसकी दादी राजकुमारी यादव पति दिलहरन यादव, उसे बचाने के लिए आगे आईं। इसी दौरान आरोपी ने उनके पेट और सीने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद घायल राजकुमारी यादव को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी प्रशांत शुक्ला उर्फ सोनू को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह, पूर्व रंजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
आरंग में 8 साल के बच्चे का अपहरणः15 लाख की फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया





