इलाज के नाम पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। सिरदर्द और पेट दर्द की शिकायत लेकर पति के साथ क्लीनिक पहुंची महिला के साथ डॉक्टर पर छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने पहले महिला के पति को पर्दे की आड़ में बाहर बैठने के लिए कहा और फिर जांच के बहाने महिला के निजी अंगों को गलत नीयत से छुआ।
महिला ने घर पहुंचकर पति को पूरी घटना बताई, जिसके बाद दोनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।
जांच के बहाने की अश्लील हरकत
मिली जानकारी के अनुसार, बाराद्वार क्षेत्र के रायपुरा गांव में 45 वर्षीय प्रदीप देवांगन अपने घर में ही क्लीनिक संचालित करता था। पीड़िता 27 अक्टूबर की सुबह से सिरदर्द और पेट दर्द से परेशान थी। शाम करीब 7 बजे उसका पति उसे इलाज के लिए आरोपी के क्लीनिक लेकर पहुंचा।
महिला के आरोप के मुताबिक, क्लीनिक पहुंचने पर डॉक्टर ने उसके पति को पर्दे की आड़ में बाहर बैठने के लिए कहा। इसके बाद डॉक्टर ने सिरदर्द का कारण गैस बताते हुए पेट की जांच करने के लिए महिला को टेबल पर लेटने को कहा। इसी दौरान जांच के बहाने उसने गलत नीयत से महिला के निजी अंगों को छुआ। आरोपी की इस हरकत से महिला परेशान हो गई और उसने अपने पति को पूरी बात बताई।
शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पीड़िता ने 28 अक्टूबर को बाराद्वार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (ठछै) की धारा 64(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी प्रदीप देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
इंस्टाग्राम पर युवती को अश्लील मैसेज से किया परेशान, मंगेतर की ID पर भी भेजे आपत्तिजनक संदेश





