विजयादशमी के पर्व पर जहां चारों ओर उत्सव और धार्मिक उल्लास का माहौल था, वहीं रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग भड़कने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों ने देखते ही देखते रामलीला में हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छिपली का है।
रावण दहन के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर ग्राम छिपली में स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान आग का प्रदर्शन करने के लिए ज्वलनशील सामग्री और स्प्रे के इस्तेमाल किया गया। आशंका है कि आग की लपटें हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार की वेशभूषा और नकली बालों तक पहुंच गईं, जिससे आग तेजी से फैल गई।
तीन लोग झुलसे
इस हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव सहित तीन लोग झुलस गए। हेमंत ध्रुव और सोम नाम के युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए धमतरी के अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू की स्थिति सामान्य बताई गई है और उसका स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
आग की लपटों से मची भगदड़
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग भड़कने के बाद कलाकारों को खुद को बचाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। अचानक आग फैलने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने के पीछे फ्लेमेबल स्प्रे, मिट्टी तेल या आग निकालने वाले लाइटर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच के बाद स्पष्ट होगा।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





