राजिम। गरियाबंद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘‘नया सवेरा अभियान’’ के तहत राजिम पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.480 लीटर देशी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना राजिम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव लोचन राइस मिल के आगे पितईबंद रोड पर एक मोटरसाइकिल में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमृतलाल साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमसी 9653 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 6.480 लीटर देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,600 रुपये बताई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अशोक बंजारे (37 वर्ष) एवं कुलदीप खंडेलवाल (27 वर्ष), दोनों निवासी तामासिवनी, थाना आरंग, जिला रायपुर के रूप में बताई। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






