Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश
Spread the love

धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघा में आधी रात पेट्रोल पंप को आग लगाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले पेट्रोल-डीजल की डिस्पेंसिंग मशीन के नोजल में माचिस लगाकर आग लगाने का प्रयास किया। नाकाम होने के बाद उसने पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। गनीमत रही कि आग पेट्रोल-डीजल तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पहले गाली-गलौज, दो घंटे बाद फिर लौटा संदिग्ध

पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिशमामला मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स का है। पेट्रोल पंप संचालक सुरेंद्र सिन्हा की शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप परिसर में आया और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद वहां से चला गया। करीब दो घंटे बाद, रात 1.30 बजे, वही व्यक्ति दोबारा पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा। उसने पेट्रोल एवं डीजल की MPD मशीन के पास खड़ी कर्मचारियों की मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया।

माचिस से बाइक की डिक्की में लगाई आग

आरोप है कि संदिग्ध ने कर्मचारी एकलव्य यादव की बाइक क्रमांक सीजी 05 एएन 3097 की डिक्की में माचिस से आग लगा दी। इसके बाद उसने कर्मचारी नटवर साहू की बाइक क्रमांक सीजी 04 डीएच 5148 को भी आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में दोनों मोटरसाइकिलों में आग फैल गई। आग लगाकर आरोपी मौके से निकल गया।

जलती बाइक देखकर पड़ोसी ने कर्मचारियों को जगाया

पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिशपेट्रोल पंप के पास रहने वाले लोगों की नजर जलती हुई मोटरसाइकिलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी और दरवाजा खटखटाकर एकलव्य यादव तथा नटवर साहू को जगाया। कर्मचारियों ने बाहर आकर देखा तो दोनों बाइक धधक रही थीं। इसके बाद उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया। आगजनी में एकलव्य यादव की मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई, जबकि नटवर साहू की बाइक का डिक्की वाला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

नोजल में आग लगाने की कोशिश, टल गया बड़ा हादसा

घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप के नोजल पर माचिस लगाकर आग लगाने की कोशिश करता दिखाई दिया। हालांकि नोजल में आग नहीं लगी।

अगर आग पेट्रोल या डीजल के स्टोरेज अथवा डिस्पेंसिंग सिस्टम तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। पेट्रोल पंप पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आसपास के क्षेत्र में भी आग फैलने और बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान का खतरा था।

काले कपड़ों में दिखा संदिग्ध

बताया गया कि संदिग्ध व्यक्ति काले कपड़ों में दिखाई दे रहा है। उसके साथ दो बैल भी नजर आ रहे हैं। संचालक की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने BNS की धारा 296 और 326(f) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

VIDEO

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग, चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *