राजिम। सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को राजिम के महानदी तट पर भव्य महानदी गंगा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 6.30 बजे होने वाली गंगा आरती के बाद 7 बजे से छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध युवा लोक कलाकार आरु साहू अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर के निर्देश पर तैयारियों की समीक्षा के लिए राजिम विश्राम गृह में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विशाल महाराणा एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके बर्मन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए तैयारियां
बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बैठक व्यवस्था, मंच, दर्शक दीर्घा, आरती स्थल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, पार्किंग और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंच, दर्शक दीर्घा और गंगा आरती स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और सुचारु आवागमन पर जोर
कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं और नागरिकों के सुचारु आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था को भीड़ के अनुरूप व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ‘स्वच्छ महानदी, सुंदर राजिम, सुरक्षित घाट’ के संदेश के साथ वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों और राजिमवासियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई थी।
आरु साहू की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
महानदी गंगा आरती के बाद होने वाली सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की युवा लोक कलाकार आरु साहू अपनी टीम के साथ लोक संस्कृति और संगीत से शाम को खास बनाएंगी। धार्मिक आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित आम नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






