मंदिरों में चोरी
Spread the love

नवापारा क्षेत्र में मंदिरों में बदमाशों की नजर गड़ी हुई है। दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्रवासियों में रोष और चिंता बढ़ा दी है। एक ओर अज्ञात चोरों ने मौली माता मंदिर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया, वहीं दूसरी ओर मां दंतेश्वरी मंदिर में घुसकर अज्ञात शरारती तत्वों ने देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मौली माता मंदिर में चोरी

जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी कौशल ध्रुव पिछले 15 वर्षों से मौली माता मंदिर के पुजारी हैं। बताया गया कि पुजारी रोज की तरह 26 जून की सुबह करीब 4 बजे पूजा करने मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। मंदिर के अंदर जाने पर माता के गले में पहना सोने का एक पत्ती, नाक की दो सोने की नथनी, पूजा में उपयोग होने वाली पीतल की थाली, घंटी, तांबे का लोटा, दीपदानी, साउंड सिस्टम का मिक्सर मशीन, केबल वायर और चार माइक्रोफोन गायब थे।

वहीं मंदिर के भीतर रखी आलमारी और पेटी भी खुली मिली। अज्ञात चोर मंदिर से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के जेवर और सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुजारी ने तत्काल ग्राम सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों को दी, जिसके बाद नवापारा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मां दंतेश्वरी मंदिर में प्रतिमा खंडित

इसी थाना क्षेत्र के चम्पारण स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में भी अज्ञात तत्वों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हरकत की। मंदिर के पुजारी चंदूराम निषाद ने बताया कि वह 35 वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। 22 जून की शाम जब वे मंदिर पहुंचे तो देवी प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा खंडित मिला और मंदिर के भीतर रखा सामान बिखरा हुआ था।

पुजारी ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर देवी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है। घटना की सूचना नवापारा थाने में देते हुए शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में नवापारा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

खबर विस्तार WhatsApp चैनल से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

जौंदी में शनिदेव मंदिर की प्रथम स्थापना जयंती मनाई गई, भजन-कीर्तन, महाआरती और भंडारे का आयोजन

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *