रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में इस बार आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंड लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में हैरतअंगेज करतब, सटीक उड़ान और शानदार सामूहिक संरचनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने टीम का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर आत्मीय स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
2 नवंबर को आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा
राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित एयर शो में दर्शकों को भारतीय वायुसेना के कुशल पायलटों का अद्भुत समन्वय और साहसिक हवाई करतब देखने का अवसर मिलेगा। पांच हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में अलग-अलग आकर्षक संरचनाएं बनाते हुए उड़ान भरेंगे। निर्धारित संरचनाओं में हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन और बेहद नजदीकी सामूहिक उड़ान इस प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण होगा।
यह आयोजन राज्योत्सव में शामिल होने वाले लोगों, खासकर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यादगार अनुभव साबित हो सकता है। इसके माध्यम से उन्हें भारतीय वायुसेना की कार्यकुशलता, आधुनिक विमानन तकनीक और रक्षा सेवाओं में करियर की संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए हर्ष और गौरव की बात है। भारतीय वायुसेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा।
उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा। भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
दो महिला पायलट भी दिखाएंगी हवाई कौशल
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं। पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से टीम रोमांचक हवाई संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री ने टीम में महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, साहस और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि महिला पायलटों की उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायक हैं। इससे उन्हें विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं जैसे क्षेत्रों में अपना भविष्य बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से दिखेगी तकनीकी क्षमता
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए टीम भारतीय विमानन तकनीक और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का परिचय देती है।
सारंग टीम अपने सटीक सामूहिक समन्वय और विशिष्ट उड़ान शैली के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान रखती है। पांच हेलीकॉप्टरों के बीच बेहतरीन तालमेल, एक साथ बदलती हवाई संरचनाएं और नियंत्रित उड़ान इस प्रदर्शन की खासियत हैं। ऐसे करतबों के लिए पायलटों को कठिन प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता की आवश्यकता होती है।
टीम का आदर्श वाक्य ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। इसके प्रदर्शन में साहस, अनुशासन, तकनीकी कौशल, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव केवल छत्तीसगढ़ की स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का भी अवसर है। ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का महत्व समझाते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवा रायपुर में आयोजित एयर शो प्रदेशवासियों के मन में भारतीय वायुसेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। साथ ही नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





