Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
रायगढ़ प्रोफेसर अपहरण
Spread the love

डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण और चाकू की नोक पर करीब एक लाख रुपये UPI के जरिए ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को पकड़कर उनकी आंखों पर पट्टी बांधी, मारपीट की और मोबाइल, Google Pay व BHIM ऐप के पासवर्ड हासिल कर लिए। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंधक बना दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है।

इवनिंग वॉक के दौरान बनाया बंधक

पुलिस के अनुसार ग्राम जकेला निवासी डॉ. कपूरचंद गुप्ता (47) डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वे गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठ गए। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए।

आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट व गर्दन पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया।

मारपीट कर हासिल किए मोबाइल और UPI के पासवर्ड

पंडरीपानी पहुंचने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay व BHIM UPI ऐप से संबंधित पासवर्ड हासिल कर लिए। इसके बाद एक महिला से संपर्क कर उसका फत् कोड मंगवाया गया। आरोपियों ने प्रोफेसर के बैंक खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। बताया जा रहा है कि खाते की करीब 1 लाख रुपये की ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने तक रकम दूसरे खाते में भेजी गई।

घर फोन करवाकर कहलवाया- मैं ठीक हूं

रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन करवाया। उनसे परिवार के सदस्यों को यह बताने के लिए कहा गया कि वे पूरी तरह ठीक हैं, ताकि परिजनों को उनके अपहरण का संदेह न हो। इसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों पर दोबारा पट्टी बांध दी और पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।

परिजनों को हुआ शक, लोकेशन तलाशकर पहुंचे पंडरीपानी

रायगढ़ प्रोफेसर अपहरणप्रोफेसर के परिजनों को फोन पर हुई बातचीत और परिस्थितियों को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर उनकी लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से प्रोफेसर को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाई।

24 घंटे में एक आरोपी हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने रातभर अभियान चलाया और वारदात के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

महिला के खाते में गई रकम कराई सुरक्षित

पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में प्रोफेसर के खाते से रकम UPI ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस के अनुसार ट्रांसफर की गई करीब एक लाख रुपये की पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुसौर थाने में BNS की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत FIR दर्ज की गई है।

SSP बोले- सभी आरोपियों की होगी गिरफ्तारी

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर घटना में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

नवापारा ब्रेकिंग: व्यापारी का अपहरण और बंदूक की नोक पर 10 लाख की फिरौती, थाने में FIR दर्ज

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *