सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शनिवार सुबह राजिम के महानदी घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए अभियान में राजिम विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
अभियान के दौरान सभी ने हाथों में झाड़ू थामकर पुराना मंच से लक्ष्मण झूला तक घाट एवं नदी तट क्षेत्र की सफाई की। लोगों ने घाट परिसर में बिखरे कचरे और प्लास्टिक को एकत्र कर उचित निस्तारण के लिए अलग किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी स्वयं सफाई करते हुए श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान में राजिम विधायक रोहित साहू, नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन विभाग गरियाबंद एस.के. बर्मन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और नागरिक शामिल हुए।
स्वच्छता में हर नागरिक दे अपना योगदान – विधायक रोहित साहू
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि 17 सितंबर से प्रदेश और देश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में राजिम के त्रिवेणी संगम में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, जल संसाधन एवं राजस्व विभाग के अमले, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां और नागरिक सहभागी बने।
उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपने वार्ड, नगर, क्षेत्र, प्रदेश और देश को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और सद्भाव की भावना के साथ स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर भागीदारी की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। विकसित भारत के संकल्प की दिशा में भी नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से धर्मनगरी राजिम में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
स्वच्छ एवं सुरक्षित घाट बनाने की पहल
अभियान का उद्देश्य राजिम महानदी घाट और नदी तट क्षेत्र को प्लास्टिक एवं कचरा मुक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा। सफाई के दौरान घाट के विभिन्न हिस्सों से कचरा एकत्र किया गया। अभियान के जरिए धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ महानदी और उसके आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
जनभागीदारी से ‘स्वच्छ राजिम-सुंदर राजिम’ का संकल्प
धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाले राजिम में वर्षभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में महानदी घाट एवं नदी तट की स्वच्छता महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ आयोजित अभियान में विभिन्न वर्गों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान ‘हमारा हस्ताक्षर-स्वच्छ महानदी, सुंदर घाट’ संदेश के साथ सेल्फी जोन भी बनाया गया, जिसने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम किया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






