रायपुर में एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज और धमकी देने के बाद उसके एक वर्षीय बच्चे का अपहरण का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और करीब 5 घंटे के भीतर नागपुर के उमरेड से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
तीन टीमें गठित
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को गुढ़ियारी थाने में महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि पवन साहू उसके घर में घुसा और उसके साथ गाली-गलौज एवं धमकी देने के बाद उसके एक वर्षीय बेटे को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बच्चे और आरोपी की तलाश शुरू की। बच्चे की फोटो और आरोपी की जानकारी के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गईं।
टोल प्लाजा के CCTV से मिला सुराग
लगातार तलाश के बावजूद रात करीब 8 बजे तक आरोपी का सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस की एक टीम को कुम्हारी टोल प्लाजा भेजा गया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दोपहर करीब 3.30 बजे पवन साहू बच्चे को बाइक के आगे बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने राजनांदगांव से नागपुर तक रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संबंधित स्थानीय पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखा। फुटेज के आधार पर आरोपी के नागपुर की ओर जाने की जानकारी पुलिस को मिली।
280 किलोमीटर दूर उमरेड में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीमों ने रास्ते में लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए आरोपी का पीछा किया। लगातार पतासाजी के बाद आरोपी नागपुर के उमरेड पहुंचा, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से एक वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद किया। बाद में बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे के लिए रास्ते में खरीदा दूध
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी रास्ते में बच्चे को खाना-पीना देता रहा। बच्चे के रोने पर उसके लिए दूध भी खरीदा गया। बताया गया कि दुर्ग तक आरोपी ने बच्चे को बाइक के आगे बैठाकर रखा था, जबकि इसके बाद उसने बच्चे को कपड़े से अपने पेट से बांध लिया और बाइक से आगे बढ़ता रहा।
आरोपी और बच्चे की मां की पहले से थी पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पवन साहू और बच्चे की मां के बीच पिछले करीब एक साल से पहचान थी। पुलिस के अनुसार, अगस्त में महिला पवन के साथ नागपुर गई थी और करीब 20 दिन वहां रही थी। उस दौरान पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर महिला और बच्चे को वापस रायपुर लाया था।
बताया गया कि महिला ने अपनी मर्जी से पवन के साथ गई थी, जिसके चलते उस समय पवन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि बच्चा आरोपी को पहले से पहचानता था, इसलिए उसके साथ रहने के दौरान ज्यादा परेशान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था और इसके लिए उस पर दबाव बना रहा था। महिला के साथ जाने से इनकार करने के बाद आरोपी ने बच्चे का अपहरण कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पवन साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नानी के घर से लौट रही युवती का अपहरण, बंधक बनाकर खाट के नीचे छिपाया






