नवापारा-राजिम। पीएम श्री हरिहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवापारा में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय कराटे चयन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों ने 5 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरदहा (विकासखंड आरंग) में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय कराटे चयन प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
कराटे मैट उपलब्ध कराने का आश्वासन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा की अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नगर में कराटे खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खिलाड़ियों के अभ्यास हेतु कराटे मैट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ सिंटू जैन, प्रभारी प्राचार्य महेश राम नेताम, संकुल समन्वयक विनोद कुमार साहनी, प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर एवं शिक्षक अश्विनी साहू की विशेष भूमिका रही।
प्रतियोगिता का संचालन अनुभवी व्यायाम शिक्षकों एवं निर्णायकों की देखरेख में किया गया। वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक पी.एल. तारक, ईना बंजारे, लकेश्वर साहू, पुरुषोत्तम प्रधान एवं लोकूराम तारक ने प्रतियोगिता के संचालन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
निर्णायक मंडल में मुख्य रेफरी सेंसेई देवेंद्र प्रसाद भारद्वाज एवं सेंसेई राजेश गिलहरे ने मुकाबलों का संचालन किया, जबकि सेंसेई नेमधारी सोनवानी, सेंपाई सूरज गिलहरे, सेंपाई सागर सोनवानी, सेंपाई विधि साहू, सेंपाई खुशबू गिलहरे और सेंपाई नेहा गिलहरे ने जज की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में संतोष वर्मा, सुनील साहू और धनेश डहरिया का भी विशेष योगदान रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर चयनित खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ एक्सीलेंस अवार्ड-2026 में प्रतिभाओं का सम्मान, नृत्य से रैंप वॉक तक दिखा हुनर का जलवा

