गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर है, जो अब जानलेवा साबित होने लगी है। बुधवार सुबह उफनती नाले पार करने के दौरान एक किसान तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी में बह गए। ग्रामीणों ने काफी तलाश के बाद उनका शव 5 किमी दूर मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।
नाला पार करते पानी में बहा
जानकारी के अनुसार सहसपुर निवासी थनवार यादव (55 वर्ष) बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे सहसपुर नाला पार कर घुरसा रोड की ओर जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक था और तेज बहाव बना हुआ था। नदी पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज धारा में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू कर आसपास के गांवों में सूचना दी। कुछ देर बाद लगभग 5 किमी दूर खुटेरी गांव के पास ग्रामीणों ने नाले में एक शव बहते देखा। गांव के युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर नाले में छलांग लगाई और शव को बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त सहसपुर निवासी थनवार यादव के रूप में की गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गांव के सरपंच ने बेनीराम साहू ने फिंगेश्वर पुलिस को सूचना दी गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
चेतावनी के बाद भी नहीं माना
इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ग्रामीण उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहा है। मौके पर मौजूद लोग उसे लगातार रोकते रहे और तेज बहाव में न उतरने की चेतावनी देते रहे, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। जैसे ही वह नाले के बीच पहुंचा, तेज धारा ने उसका संतुलन बिगाड़ दिया और देखते ही देखते वह पानी के बहाव में बह गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ लोगों में नाराजगी भी है। चेतावनी के बावजूद थोड़ी सी लापरवाही एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दी।
प्रशासन की अपील
लगातार बारिश के चलते जिले की अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
https://www.instagram.com/p/DbXXCzas4Mh/
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
सरगी नाला में मिला अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी

