Spread the love

गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सिकासार जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बढ़ते जलभराव को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशय से लगभग 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके चलते पैरी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

कलेक्टर बी.एस. उईके ने बताया कि जलाशय में लगातार पानी की आवक हो रही है, जिसके चलते आवश्यकता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से गेट खोलकर पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलाशय से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है।

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। विशेष रूप से पैरी नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, किसानों, मछुआरों और नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

नदी-नालों से दूर रहें, बच्चों और पशुओं का रखें विशेष ध्यान

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें। बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकें तथा पशुओं को भी नदी के समीप चराने या बांधने से बचें। किसी भी स्थिति में जोखिम उठाने से बचें और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए हैं। जलाशय की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर नई जानकारी जारी की जाएगी।

एसडीएम और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

इधर, पानी छोड़े जाने के बाद राजिम का त्रिवेणी संगम लबालब हो गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुधवार को राजिम एसडीएम विशाला महाराणा, थाना प्रभारी अमृत लाल साहू सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने त्रिवेणी संगम पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने संगम क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

कल से सावन, उमड़ेगी आस्था की भीड़

बुधवार को गुरु पूर्णिमा के साथ धार्मिक माहौल चरम पर है, वहीं गुरुवार से पवित्र श्रावण मास का शुभारंभ हो रहा है। भगवान भोलेनाथ के प्रिय माह सावन में राजिम स्थित त्रिवेणी संगम के मध्य विराजमान भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बुधवार सुबह से ही कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

बारिश बनी काल! उफनते नाले में बहा किसान, कई किलोमीटर दूर मिला शव, क्षेत्र में शोक की लहर

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *