नवापारा में मंगलवार रात एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने खून से लथपथ युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
बात बंद करने से नाराज था आरोपी
जानकारी के अनुसार नवापारा के वार्ड क्रमांक 4 की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी राज यादव उसका पड़ोसी है और बचपन से परिचित है। कुछ माह पहले तक दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी, लेकिन माता-पिता के समझाने के बाद उसने आरोपी से बात करना पूरी तरह बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज आरोपी लगातार उसका पीछा करता, रास्ते में रोककर झगड़ा करता, काम पर जाने से मना करता और अश्लील गालियां देता था।
पीड़िता के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 7.20 बजे वह घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता बाहर थे। इसी दौरान आरोपी दौड़ते हुए घर के भीतर घुस आया और ‘‘तुम मुझसे बात क्यों नहीं करती हो’’ कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और जेब से ब्लेड निकालकर युवती के गाल और पीठ पर हमला कर दिया।
परिजनों ने बीच-बचाव कर बचाई जान
घटना के दौरान आरोपी के पीछे-पीछे युवती के माता-पिता और बड़ी बहन भी घर के अंदर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। अचानक हुए हमले से परिजन दहशत में आ गए। परिजन तत्काल युवती को खून से लथपथ गंभीर हालत में नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बाद उचित इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया।
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद संध्या राव तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी ने युवती के परिवार सहित मोहल्ले के लोगों को जान से मारने की धमकी दी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना गया है।
आरोपी की तलाश जारी
मोहल्लेवासी थाना पहुंचकर हंमागा किए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के परिजनों को थाने बुलाया, जहां परिजन भी थाने में बहसबाजी करने लगे। पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और पीड़िता के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
राजिम-अभनपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की जोरदार टक्कर

