बिलासपुर। सोशल मीडिया की मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर खुद को अविवाहित बताकर युवती से दोस्ती करना और फिर शादी का झांसा देकर उसका दैहिक शोषण करने के बाद लाखों रुपये के जेवर और नगदी लेकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने उसकी पत्नी सहित हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने पीड़िता को नौकरी लगाने का झांसा देकर करीब 12 से 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नगदी हासिल किए थे। शिकायत के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
शादी डॉट कॉम पर हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, कोरबा निवासी करीब 21 वर्षीय युवती बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के माध्यम से उसकी पहचान पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव (34) से हुई।
आरोप है कि पवन ने युवती के सामने खुद को अविवाहित बताया और शादी का भरोसा देकर उसका विश्वास जीत लिया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण किया। इसके बाद आरोपी ने युवती को नौकरी लगाने का झांसा दिया और उससे नगदी के साथ सोने-चांदी के जेवर ले लिए। पुलिस के अनुसार, ठगी गई संपत्ति की कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये है।
शिकायत के बाद पत्नी संग हो गया फरार
मामले में पीड़िता ने 9 मार्च को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक पवन कुमार यादव फरार हो चुका था। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपी अपनी पत्नी नवीता यादव (30) के साथ लगातार ठिकाने बदल रहा है। तोरवा पुलिस ने पामगढ़ और बिलासपुर के संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। उसका मोबाइल भी बंद मिला।
आखिरकार पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद आरोपी के नहीं मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
बंद बैंक खाते बने जांच की पहली कड़ी
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए उसके मोबाइल नंबर और बैंक खातों की तकनीकी जांच शुरू की। जांच में आरोपी के अधिकांश बैंक खाते बंद मिले। पुलिस के सामने मामला फिर उलझता नजर आया। लेकिन इसी दौरान जांच टीम को आरोपी की पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लगातार लेन-देन होने की जानकारी मिली। यहीं से पुलिस को अहम सुराग मिला।
ट्रांजेक्शन ने खोला ठिकाने का राज
पुलिस ने नवीता यादव के बैंक खाते में हुए लेन-देन की बारीकी से जांच की। ट्रांजेक्शन की पड़ताल में पता चला कि खाते से बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र में राशि निकाली गई थी। इस सुराग के आधार पर तोरवा पुलिस की टीम दिल्ली-हरियाणा रवाना हुई और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने बैंक खाते से जुड़े च्वाइस सेंटर सहित अन्य तकनीकी जानकारियों को खंगाला। सुरागों को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने खाते में एक रुपये की राशि भेजकर भी उससे जुड़ी गतिविधियों की पुष्टि की। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार बल्लभगढ़ में आरोपी तक पहुंच गई।
पुलिस ने पवन कुमार यादव (34), निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा और उसकी पत्नी नवीता यादव (30) को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बिलासपुर लाया गया और 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





