नवापारा। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखना (कोलियारी) में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के तालाब में एक अज्ञात युवती की लाश तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे ग्राम लखना के तालाब में एक युवती का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना ग्राम कोटवार ने थाना गोबरा नवापारा में दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।
25 से 30 वर्ष के बीच उम्र
पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। युवती का रंग गोरा है। उसने मेहंदी रंग की कुर्ती, काले-सफेद छींटदार लेगिंग्स, नाक में फुल्ली, दोनों कानों में काले रंग की बालियां, दाहिने हाथ में मोली का धागा तथा तांबे का चूड़ा पहन रखा है। युवती की शिनाख्त के लिए सभी थानों और आसपास के गांवों में सूचना दे दी गई है।
हत्या कर तालाब में फेंके जाने की आशंका
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रारंभिक स्तर पर ऐसी आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को तालाब में फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगा।
खंगाली जा रहीं गुमशुदगी की रिपोर्टें
थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि मृतका की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही आसपास के गांवों में भी सूचना भेजी गई है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
यदि किसी व्यक्ति को मृतका की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल थाना गोबरा नवापारा या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देकर जांच में सहयोग कर सकता है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
बारिश बनी काल! उफनते नाले में बहा किसान, कई किलोमीटर दूर मिला शव, क्षेत्र में शोक की लहर

