राजिम। राजिम विधानसभा के लिए गुरुवार 24 सितंबर का दिन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग रहे राजिम-छुरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन राजिम विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में किया गया। करीब 45 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण पर 145.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विधायक रोहित साहू ने जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ भक्तिन माता चौक पर विधिवत पूजा-अर्चना कर कुदाली चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
राजिम से छुरा होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाले इस मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से क्षेत्र में आवागमन की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से राजिम, छुरा और आसपास के गांवों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना है।
वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी
राजिम-छुरा मार्ग लंबे समय से क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग रहा है। सड़क के कई हिस्सों में संकरापन और खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासी लगातार सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग कर रहे थे। भूमिपूजन के अवसर पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताई और विधायक रोहित साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो हिस्सों में होगा निर्माण
विधायक रोहित साहू ने बताया कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के उद्देश्य से मार्ग को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहले हिस्से में राजिम से छुइहा और दूसरे हिस्से में छुइहा से छुरा तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। मार्ग में आने वाले पुल-पुलियों का भी निर्माण बेहतर तकनीक के साथ किया जाएगा। इसका उद्देश्य बरसात के दौरान होने वाली जलभराव एवं आवागमन संबंधी परेशानियों को कम करना है।
चुनावी घोषणा पत्र में शामिल था सड़क का मुद्दा
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि राजिम-छुरा मार्ग के चौड़ीकरण से आम लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि यह सड़क उनके चुनावी घोषणा पत्र में शामिल प्रमुख मुद्दों में से एक थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा में करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है और क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
भाजपा सरकार में विकास को मिल रही गति – रोहित साहू
विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा की सरकार जब-जब सत्ता में रही है, विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य अधूरे थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राजिम विधानसभा में चहुंमुखी विकास की दिशा में काम हो रहा है और सड़क, पुल-पुलिया सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद
भूमिपूजन के बाद विधायक रोहित साहू एवं जनप्रतिनिधि निर्माणाधीन मार्ग के विभिन्न गांवों से होते हुए छुरा के लिए रवाना हुए। इस दौरान बेलटुकरी, भैंसातरा, कौंदकेरा, तरीघाट, कुंडेल, छुइया, जमाही, बोइरगांव, पंक्तियां और मडेली सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों और किसानों से संवाद किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि सड़क निर्माण शुरू होने से पहले मार्ग में आने वाले पुल-पुलियों और अन्य संभावित समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी, ताकि निर्माण के बाद किसी प्रकार की परेशानी सामने न आए। उन्होंने आने वाले समय में राजिम-महासमुंद मार्ग के भूमिपूजन की भी जानकारी दी।
धार्मिक पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण है राजिम-छुरा मार्ग
राजिम-छुरा मार्ग केवल आवागमन के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी इसकी खास अहमियत है। इसी मार्ग से प्रसिद्ध घटारानी और जतमई धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। इन धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर छत्तीसगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के बाद इन स्थानों तक पहुंच आसान और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
व्यापार और पर्यटन को भी मिलेगी रफ्तार
राजिम-छुरा मार्ग के विकास का असर सिर्फ यातायात तक सीमित रहने वाला नहीं है। बेहतर कनेक्टिविटी से राजिम, छुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। घटारानी और जतमई जैसे पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ सकती है। इसका लाभ स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों और अन्य स्थानीय कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम को राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विधायक के अथक प्रयासों से राजिम-छुरा मार्ग की स्वीकृति मिली है। उन्होंने क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन लोक निर्माण विभाग के एसडीओ ऋषि सेन ने किया।
इस अवसर पर फिंगेश्वर जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिमा पारस ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नंदनी साहू, नंदनी ढीढी, लेखराज ध्रुवा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, लाला साहू, भुनेश्वर साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






