राजिम। धार्मिक नगरी राजिम में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक रोहित साहू ने दत्तात्रेय मंदिर के समीप बनने वाले पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति में निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस परियोजना को स्थानीय छोटे व्यापारियों, पारंपरिक व्यवसायियों और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स केवल एक भवन नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और छोटे व्यापार को मजबूती देने वाला केंद्र बनेगा। इससे वर्षों से व्यवस्थित व्यापारिक स्थल की प्रतीक्षा कर रहे छोटे दुकानदारों और पारंपरिक व्यवसायियों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त स्थान मिलेगा, जिससे उनकी आय और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
गांधी नगर में जनसंपर्क, मौके पर सुनीं समस्याएं
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद विधायक रोहित साहू ने वार्ड क्रमांक-1 गांधी नगर का दौरा कर सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली। वार्डवासियों ने सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे विधायक के सामने रखे।
विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोक संस्कृति की साधिका का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र की वरिष्ठ नागरिक एवं लोक संस्कृति की प्रतीक बिहुला बाई का आत्मीय स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया। बिहुला बाई को अयोध्या में आयोजित श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया था। विधायक ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की पहचान है।
राजिम विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा – महेश यादव
कार्यक्रम में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजिम नगर के विकास के लिए विधायक लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पौनी पसारी योजना छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए रोजगार का नया माध्यम बनेगी तथा नगर पालिका परिषद निर्माण कार्य को गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक के नेतृत्व में राजिम आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष विश्वकर्मा, राजिम भक्तिन मंदिर समिति के अध्यक्ष लाला साहू सहित पार्षद मंशाराम कुर्रे, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुरेश पटेल, बलराम यादव, तुषार कदम, उत्तम निषाद, अजय पटेल, टंकु सोनकर, कमल सिन्हा, गजेश्वर ध्रुव, ऋषि दुबे, योगेंद्र राजपूत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

