रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूज्य शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सिंधी समाज के लिए गौरव का ऐतिहासिक अवसर
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी यह विशेष स्मारक सिक्का पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती को समर्पित है। सिंधी समाज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाली इस पहल को समाज के लिए गौरवपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए यह ऐतिहासिक महत्व रखता है।
स्मारक सिक्का के जारी होने से पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिक्के पर अंकित है पूज्य माता हासी देवी जी का चित्र
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष स्मारक सिक्का पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। यह स्मारक सिक्का उनके आध्यात्मिक योगदान और समाज के प्रति उनकी विरासत को स्मरण करने का प्रतीक है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। आयोजन में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के आध्यात्मिक योगदान और सिंधी समाज की विरासत के महत्व को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना के अलावा वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए जनप्रतिनिधि एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





