Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
Spread the love

गरियाबंद जिले में अंधविश्वास का डर दिखाकर एक महिला से 18,500 रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पुरुष और महिला पति-पत्नी बनकर घर पहुंचे और पहले चावल मांगा। इसके बाद घर में घुसकर महिला और उसकी बहू पर चावल छिड़का तथा घर के आसपास नींबू गड़े होने की बात कहकर उन्हें भ्रमित किया। आरोपियों ने परिवार के बच्चों की तबीयत खराब होने का डर दिखाते हुए दवाई और ताबीज देने की बात कही और इसके एवज में पैसे मांगे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

चावल मांगकर घर में घुसे, फिर डराने लगे

ग्राम जड़जड़ा निवासी पीड़िता ने अपनी शिकायत बताया कि 19 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बहू के साथ घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान एक महिला और पुरुष पैदल उसके घर पहुंचे। दोनों ने गेट के पास आकर चावल मांगा। महिला ने उन्हें अपने हाथ से मुट्ठी भर चावल दे दिया। इसके बाद दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया और चाय बनाने के लिए कहा। मना करने के बावजूद दोनों घर के अंदर प्रवेश कर गए।
आरोप है कि उन्होंने महिला और उसकी बहू के ऊपर चावल छिड़कते हुए कहा कि घर के आसपास नींबू गाड़कर रखे गए हैं, जिससे घर के बच्चों की तबीयत खराब हो सकती है।

दवाई और ताबीज देने का झांसा

पीड़िता के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने उन्हें भ्रमित करते हुए कहा कि दवाई और ताबीज देने से घर का पूरा क्लेश खत्म हो जाएगा। उनकी बातों में आकर महिला और उसकी बहू ने घर में रखे 18,500 रुपए नकद आरोपियों को दे दिए। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने से भी मना किया था।

बेटे के घर पहुंचने पर बताई पूरी घटना

करीब एक घंटे बाद जब महिला का बेटा घर पहुंचा तो उसने अपनी मां से घटना के बारे में पूछा। इसके बाद पीड़िता ने उसे पूरी जानकारी दी। महिला का आरोप है कि दोनों ने पति-पत्नी के रूप में मिलकर नींबू गड़े होने और उसका असर खत्म करने का झांसा देकर उससे कुल 18,500 रुपए की ठगी की। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 318(4), 331(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ठगों से रहे सावधान!

अंधविश्वास के नाम पर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। घर में नींबू गड़े होने, तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, बीमारी या पारिवारिक संकट दूर करने के नाम पर पैसे, जेवर या अन्य सामान मांगने वालों से सावधान रहें। ऐसे लोगों को घर के अंदर प्रवेश न दें और किसी भी तरह की धमकी या डर दिखाने पर तुरंत परिवार के सदस्यों और पुलिस को सूचना दें। समस्या का समाधान अंधविश्वास में नहीं, बल्कि जागरूकता और सही कानूनी व चिकित्सकीय सलाह में है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

राजिम के युवक ने की ऑनलाइन ठगी: Snapchat पर लड़की बनकर 65 हजार ठगे, FIR दर्ज

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *