Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
श्मशान घाट में तंत्र साधना
Spread the love

बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित श्मशान घाट में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने वहां चार लोगों को संदिग्ध तरीके से पूजा-पाठ करते देखा। देर रात श्मशानघाट में उनकी गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। काफी देर तक निगरानी करने के बाद ग्रामीणों ने समूह में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख चारों लोग मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने सीपत पुलिस के हवाले कर दिया।

श्मशान घाट में मिली अजीबोगरीब सामग्री

मौके की तलाशी के दौरान ग्रामीणों को कथित तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री मिली। इनमें मछली, नींबू, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री शामिल बताई जा रही है। सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई जब मौके से हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर और दो युवकों के फोटो मिलने की बात सामने आई। श्मशान घाट में इस तरह की सामग्री और तस्वीरें मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और पूरे गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

हालांकि, इन सामग्रियों का वास्तविक उद्देश्य क्या था और वहां किस प्रकार की गतिविधि की जा रही थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

जमानत के लिए कथित तंत्र साधना का कनेक्शन!

पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद आरोपी प्रियांशु बोले का रिश्तेदार है। प्रियांशु को कुछ समय पहले तोरवा पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि उसकी जमानत के लिए हाई कोर्ट में आवेदन लंबित है।

इसी बीच सामने आए घटनाक्रम में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि प्रियांशु के रिश्तेदार सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आए थे। आरोप है कि कथित तांत्रिक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि श्मशान घाट में विशेष तांत्रिक क्रिया करने से जेल में बंद युवक को जमानत मिल सकती है। इसी दावे के बाद चार लोग कथित तंत्र साधना के लिए देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे।

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ

देर रात श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों ने तत्काल हंगामा करने के बजाय पहले स्थिति पर नजर रखी। जब उन्हें गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो ग्रामीण समूह बनाकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही चारों लोग भागने लगे। पीछा करने पर ऋषिकेश कुमार ग्रामीणों के हाथ लग गया, जबकि तीन अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस खंगाल रही पूरे मामले की कड़ियां

सीपत पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। साथ ही मौके से बरामद पूजा सामग्री और तस्वीरों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्मशान घाट में वास्तव में किस उद्देश्य से यह गतिविधि की जा रही थी, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और सोशल मीडिया के जरिए इन लोगों का संपर्क कथित तांत्रिक से कैसे हुआ। फरार तीन लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

सावन से पहले मुक्तिधाम में तंत्र-मंत्र, जादू-टोना! मुक्तिधाम में बिखरी मिली संदिग्ध सामग्री; ग्रामीणों में दहशत

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *