Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार
Spread the love

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तोरवा क्षेत्र के छठ घाट स्थित मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना की जानकारी सामने आते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित स्थल है, ऐसे में यहां पालतू पशु का दाह संस्कार किया जाना धार्मिक परंपराओं और स्थल की मर्यादा के विपरीत है।

मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद मोती गंगवानी ने तोरवा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

परिवार बोला- परिवार के सदस्य जैसा था डॉग

जानकारी के मुताबिक कुदुदंड क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के पालतू कुत्ते की गुरुवार को मौत हो गई थी। परिवार का कहना है कि डॉग उनके लिए परिवार के सदस्य जैसा था और उसकी मौत से पूरा परिवार भावनात्मक रूप से आहत था। इसी कारण उन्होंने सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। परिवार के अनुसार, अनुमति लेकर हिंदू रीति-रिवाज से कुत्ते का अंतिम संस्कार किया गया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था।

2 हजार रुपये लेकर दाह संस्कार कराने का आरोप

वहीं, विरोध करने वाले लोगों का आरोप है कि मुक्तिधाम के केयरटेकर ने कथित तौर पर 2 हजार रुपये लेकर कुत्ते के दाह संस्कार की अनुमति दी। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इसके लिए नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पार्षद पहुंचे मुक्तिधाम, थाने में दी शिकायत

पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कारघटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग, हिंदू संगठन और पार्षद मोती गंगवानी मुक्तिधाम पहुंचे। वहां लोगों ने पशु के दाह संस्कार को लेकर विरोध जताया। पार्षद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इंसानों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित मुक्तिधाम में जानवर का दाह संस्कार किया गया, जिससे धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं को ठेस पहुंची है।

युवक फरार, पुलिस जुटा रही जानकारी

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के मुताबिक, एक परिवार अपने मृत पालतू कुत्ते को मुक्तिधाम लेकर पहुंचा था। वहां मौजूद एक युवक से बातचीत के बाद कुत्ते का दाह संस्कार कराया गया। पुलिस के अनुसार, उक्त युवक पहले भी पालतू जानवरों का अंतिम संस्कार कराने की बात कहता था। घटना के बाद संबंधित युवक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस परिवार की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

गांव में घूम रहा तेंदुआ पिंजरे में कैद! ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *