बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा नगर (स्वर्ण जयंती नगर) में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। निर्माणाधीन मकान की छत पर काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
साथी को बचाने दौड़ा, लेकिन खुद भी नहीं बच सका
प्रारंभिक जांच के अनुसार अशोक नगर निवासी भूपेंद्र साहू (45) और रवि बंजारे (40) निर्माणाधीन मकान में काम के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भूपेंद्र का हाथ ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। उसकी चीख सुनकर साथी रवि उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक बिजली तार से चिपका मिला, दूसरा छत पर पड़ा था
घटना की सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर एक मजदूर का शव छत पर पड़ा था, जबकि दूसरा करंट लगने के बाद दीवार के सहारे हाईटेंशन लाइन के पास लटका हुआ था। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान 11 केवी लाइन के बेहद करीब बनाया जा रहा था। मौके पर न तो सुरक्षा जाली लगी थी और न ही बिजली लाइन से सुरक्षित दूरी का पालन किया गया था। बिजली विभाग के अधिकारियों ने जांच में पाया कि जहां नियमों के अनुसार हाईटेंशन लाइन से कम से कम 5 फीट की दूरी आवश्यक है, वहीं मौके पर यह दूरी करीब ढाई फीट या उससे भी कम थी।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मकान मालिक अनूप सिंह और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर रही है। यदि निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही साबित होती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हुई थी शिकायत
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन महीने पहले इस निर्माण को लेकर नगर निगम में शिकायत की गई थी। जांच में स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण मिलने पर वर्ष 2025 में नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
स्कूल मैदान में बड़ा हादसा, 33 केवी करंट की चपेट में आया चौथी कक्षा का छात्र





