राजनांदगांव। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर तीन सगे भाई-बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बहनें त्योहार की खुशियां मनाने के लिए घर आईं थी और अपने भाई के साथ खरीदारी कराने जा रही थी। घटना राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र का है।
त्योहार की शॉपिंग कर लौट रहे थे भाई-बहन
जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) खेती-किसानी का काम संभालता था। उसकी दोनों बहनें भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) शादीशुदा थीं और त्योहार के लिए मायके आई हुई थीं। 1 सितंबर को तीनों भाई-बहन त्योहार की खरीदारी करने छुरिया गए थे। शाम को खरीदारी पूरी करने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।
स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास बाइक सामने से आ रही स्कॉर्पियो की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों उछलकर दूर जा गिरे। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी।
दो ने मौके पर तोड़ा दम, तीसरी बहन की अस्पताल में मौत
हादसे में संदीप साहू और उसकी एक बहन भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल टिकेश्वरी को उपचार के लिए छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग की मौत
हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आईं। इनमें भोलापुर निवासी कमल बंजारे (65 वर्ष) की हालत गंभीर बताई गई। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
छुरिया पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों, वाहनों की गति और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
गहिराभेड़ी गांव के लिए यह हादसा किसी सदमे से कम नहीं है। त्योहार के मौके पर एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ब्रेकिंग: राजिम-गरियाबंद मार्ग में भीषण हादसा, एक युवक की मौत; साथी घायल






