नवापारा। नवापारा क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद रास्ता रोककर मारपीट, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कुर्रा गोदाम के पास का है, जहां रात के अंधेरे में चार अज्ञात युवकों ने एक बाइक सवार को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी द्वारा चाकू से हमला करने और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार होने का आरोप है।
1 सितंबर की घटना
जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी खिलावन निषाद 1 सितंबर की रात नवापारा से घरेलू काम निपटाकर अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एके 5637 से घर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे पटेवा की ओर से जाते समय ग्राम कुर्रा गोदाम के पास चार व्यक्ति मिले। आरोप है कि चारों ने उसका रास्ता रोक दिया। बाइक रोकते ही आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विरोध किया तो चाकू से हमला
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब युवक ने इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान उनमें से एक ने चाकू निकाल लिया और बांयी जांघ, बांये कंधे के नीचे तथा कमर के नीचे चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल युवक से मोबाइल और एक हजार रुपये नकद छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
112 की मदद से अस्पताल पहुंचा, रायपुर में चल रहा इलाज
घटना के बाद डायल-112 की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। हालत को देखते हुए परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 309(4) और 351(2) BNS के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले भी सामने आई थी ऐसी ही वारदात
सबसे चिंताजनक बात यह है कि दो दिनों पहले ही 29 अगस्त को भी इसी क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट, चाकू-डंडे से हमला, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूट की वारदात सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि 4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। एक घटना पर पुलिस की कार्रवाई के महज दो दिन बाद फिर इसी तरह की वारदात सामने आने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
नशा और आसान पैसे की चाह बन रही अपराध की वजह?
क्षेत्र में सामने आ रही कई आपराधिक घटनाओं में नशे की लत सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि नशे की गिरफ्त में आए कुछ युवक पैसों की जरूरत और आसान कमाई के लालच में राहगीरों को निशाना बना रहे हैं। हालांकि, किसी भी घटना में नशे की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नवापारा से लगे सुनसान रास्ते बने ‘सॉफ्ट टारगेट’!

गोबरा नवापारा शहर से लगे कई सुनसान मार्गों पर रात के समय सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। विशेष रूप से नया रायपुर-छांटा मार्ग, नवापारा-मगरलोड मार्ग, कुर्रा-पटेवा मार्ग, कुर्रा-सोनेसिल्ली मार्ग, तर्री-पटेवा मार्ग शामिल है। इन मार्गों पर रात के समय आवाजाही करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी से दूर और अपेक्षाकृत सुनसान हिस्सों में बदमाश राहगीरों को आसानी से निशाना बना रहे हैं।
पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
पुलिस द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद यदि एक के बाद एक रास्ता रोककर मारपीट और लूट की घटनाएं सामने आती हैं, तो यह सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई का नहीं, बल्कि अपराध रोकने की रणनीति का भी सवाल बन जाता है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सुनसान मार्गों पर रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संदिग्ध युवकों और वाहनों की जांच की जाए तथा संवेदनशील स्थानों को चिन्हांकित कर नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






