नवापारा। नवापारा क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। ग्राम सोनेसिल्ली में एक बढ़ई के सूने घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले उड़े। वहीं ग्राम सुन्दरकेरा के बड़ेबांधा तालाब पार स्थित मां महामाया मंदिर में भी चोरों ने धावा बोल दिया।
मंदिर का कुंदा और ताला तोड़कर दानपेटी की करीब 5 हजार रुपये नकदी सहित माता के श्रृंगार में रखे चांदी-सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। इसके अलावा शीतला मंदिर से भी चांदी के नैन और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों वारदातों के पीछे एक ही चोर या गिरोह है अथवा अलग-अलग घटनाएं हैं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
टूटा मिला दरवाजे का ताला और आलमारी
ग्राम सोनेसिल्ली निवासी ज्ञानचंद साहू बढ़ई का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 सितंबर को वह काम के सिलसिले में नवापारा आए थे। उनकी पत्नी खेत में काम करने गई थी, जबकि दो बेटियां स्कूल गई थीं। उनकी मंझली बेटी खेमिका साहू घर पर थी।
बताया गया कि सुबह करीब 10.15 बजे खेमिका घर में ताला लगाकर बाहर खेलने चली गई। करीब दोपहर 12 बजे जब वह वापस लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी गोदरेज आलमारी का ताला भी टूटा था और छोटे-छोटे पर्स इधर-उधर बिखरे पड़े थे। खेमिका ने तत्काल अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ज्ञानचंद घर पहुंचे और आलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।
मंगलसूत्र, गुलबंद समेत अन्य जेवर पार
शिकायत के अनुसार आलमारी में रखे सोने का 7 ग्राम का मंगलसूत्र, 9.780 ग्राम का गुलबंद, सोने की नथनी व डोला, सोने का गेहूं का दाना, चांदी की पायल और बिछिया समेत कीमत के जेवरात के अलावा 1,000 रुपये नकदी भी चोरी हुई।
मंदिर का ताला तोड़कर चोरी
दूसरी वारदात ग्राम सुन्दरकेरा में सामने आई। गांव के बड़ेबांधा तालाब पार स्थित मां महामाया मंदिर की चाबी चार लोगों के पास रहती है, जो नियमित रूप से मंदिर खोलकर पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर की देखरेख से जुड़े महेन्द्र साहू के अनुसार, 9 सितंबर की रात करीब 8 बजे पूजा-पाठ के बाद मंदिर में ताला लगाकर वह घर चले गए थे। अगले दिन 10 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो दरवाजे का कुंदा और ताला टूटा हुआ मिला।
मां के आभूषण भी ले गए चोर
अंदर जाकर देखा तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और दानपेटी मंदिर के गर्भगृह के बाहर बाउंड्री के अंदर पड़ी थी। शिकायत के मुताबिक मंदिर से चांदी के दो छत्र, दो चांदी के मुकुट, चांदी के कर्णफूल, सोने की नथनी, चांदी के 11 बंधा-पुतरी, चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया और चांदी के नैन समेत कई आभूषण गायब मिले। इसके साथ ही दानपेटी में रखी करीब 5,000 रुपये नकदी भी चोरी होने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, शीतला मंदिर से चार नग चांदी के नैन और 5,000 रुपये नकदी चोरी होने की जानकारी भी दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
एक तरफ दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है, तो दूसरी ओर रात में मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी और देवी-देवताओं के आभूषण चोरी किए गए। लगातार सामने आई इन घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब दोनों मामलों में घटनास्थल की परिस्थितियों, चोरी के तरीके और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।
यदि दोनों घटनाओं में समान तरीका या अन्य समान कड़ियां मिलती हैं तो इनके पीछे एक ही गिरोह की भूमिका की भी जांच हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने दोनों घटनाओं की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास की गतिविधियों और संभावित संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






