कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में 7 साल की मासूम बच्ची की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची तीन दिन पहले घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने निकली थी। जंगल में नाले के किनारे झाड़ियों में शव मिलने के बाद दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच शुरू कर दी है।
राशन दुकान से सामान लेने निकली थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। करीब चार महीने पहले परिवार रोजी-रोटी की तलाश में अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आया था। परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा था।
बताया गया कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1.30 बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लेने भेजा था। काफी समय बीतने के बाद भी जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रजगामार चौकी में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
तीन दिन बाद झाड़ियों में मिला शव
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। खोजबीन में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में बच्ची का पता नहीं चल सका। गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म से करीब 300 मीटर दूर जंगल में नाले के किनारे झाड़ियों में बच्ची का शव मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।
गले पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में बच्ची के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले कपड़ों और जूतों को भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बच्ची के साथ अनाचार किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सीएसपी ने की हत्या की पुष्टि, जांच जारी
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मासूम की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





