Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
शिक्षिका की हत्या
Spread the love

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका और उनके बेटे की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, पैसों के लालच में आरोपी ने पहले शिक्षिका की हत्या की और फिर वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी मृतका की सहकर्मी का पति बताया जा रहा है। दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला जयनगर थाना थाना क्षेत्र का है।

सड़क किनारे मिला था बेटे का शव, घर में मृत मिलीं मां

जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। जांच के दौरान उसकी पहचान विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18 वर्ष) के रूप में हुई।

शिक्षिका की हत्याजांच आगे बढ़ी तो पता चला कि सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी थी। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला और उसकी मां रजनी बरेठ का भी कोई पता नहीं था। परिजनों की मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया गया, जहां बाथरूम में रजनी बरेठ का शव मिला।

रजनी बरेठ सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। वह पति से तलाक के बाद अपने बेटे के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों के साथ मोबाइल लोकेशन की भी जांच की। इसी दौरान रजनी बरेठ की सहकर्मी के पति प्रवेश उर्फ परवेश कुमार (36) की भूमिका संदिग्ध मिली।

शिक्षिका की हत्या Murder of mother and son
AI Photo

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और कार से जुड़े सुरागों के आधार पर प्रवेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने मां-बेटे की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल कार समेत अन्य संबंधित साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पैसों की लालच में हत्या

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी प्रवेश कुमार मोटर पार्ट्स का कारोबार करता था और उसने अपने व्यवसाय के लिए करीब 20 लाख रुपये का लोन लिया था। पुलिस के अनुसार, वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। आरोपी की पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं, जिसके कारण उसे रजनी के घर आने-जाने का मौका मिलता था।

शिक्षिका की हत्यापूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जानकारी थी कि रजनी बरेठ ने भी करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया है। इसी रकम को हासिल करने के लालच में वह 9 अक्टूबर को उनके घर पहुंचा। शाम को रजनी ड्यूटी से लौटीं, जबकि उनका बेटा सुजल ट्यूशन के लिए बाहर गया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रजनी से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और झूमाझटकी हुई।

बाथरूम में शिक्षिका की हत्या, सिर पर किया वार

बताया गया कि विवाद के दौरान रजनी बरेठ ने भागने की कोशिश की, तो आरोपी उन्हें बाथरूम की ओर ले गया। वहां उसने शैंपू की बोतल से उनके सिर पर वार किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया।

हालांकि, आरोपी के लिए वारदात का राज छिपाना मुश्किल हो सकता था, क्योंकि सुजल को उसके घर आने की जानकारी थी। इसी डर से आरोपी ने सुजल को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

रास्ते में बेटे को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुजल के घर लौटने का इंतजार करता रहा। रात करीब 9 बजे सुजल के पहुंचने पर उसने उसे बताया कि उसकी मां उसके घर पर है। इसके बाद आरोपी उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया और रास्ते में उसे खाना भी खिलाया।

शिक्षिका की हत्याआरोपी सुजल को अंबिकापुर की ओर ले गया। बाद में राई जंगल के पास सुनसान जगह पर उसने सुजल की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले उसका गला कसने की कोशिश की। जब सुजल बचकर भागने लगा, तो उसने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार किया। इससे सुजल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कार में रखा और महावीरपुर के कालीघाट रोड के पास ग्रामीण सड़क किनारे फेंक दिया।

सूरजपुर एसपी योगेश पटेल के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव, घर पहुंचे तो बाथरूम में मिली मां की लाश! स्कूल में शिक्षिका थी महिला, हत्या की आशंका

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *