राजिम। गणित का एक सवाल हल नहीं कर पाने पर आठ साल की मासूम छात्रा को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम भेंडरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने कक्षा तीसरी में पढ़ने वाली छात्रा के गाल और कान के पास कई थप्पड़ मारे। घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी है।
परिजनों के मुताबिक, वह ठीक से खाना नहीं खा रही और रात में सोने में भी परेशानी हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षक ने मारा थप्पड़
जानकारी के अनुसार, घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है। छात्रा रोज की तरह स्कूल गई थी। कक्षा में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने उससे गणित का सवाल पूछा, लेकिन वह उसका जवाब नहीं दे पाई। आरोप है कि इससे नाराज होकर शिक्षक ने बच्ची के गाल के नीचे और कान के पास थप्पड़ मार दिए। स्कूल से घर लौटने पर परिजनों ने उसके चेहरे पर लाल निशान देखे। पूछने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई।
घटना के बाद से डरी हुई है मासूम
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची भयभीत है। वह ठीक से खाना नहीं खा रही है और रात में भी चैन से सो नहीं पा रही। छात्रा के पिता वेदव्यास ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और पालकों में नाराजगी है।
शिक्षक ने स्वीकार की गलती, मांगी माफी
मामले में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने बच्ची को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि बार-बार गणित का सवाल समझाने के बाद भी जब छात्रा जवाब नहीं दे पाई, तो गुस्से में उन्होंने उसे एक-दो थप्पड़ मार दिए। शिक्षक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन दिया।
तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में प्राचार्य अजीत जाट, वर्षा नेताम और एम.एल. कंवर को शामिल किया गया है। जांच दल को तीन दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल से सम्मानित हो चुके हैं शिक्षक
बताया गया है कि शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी को 5 सितंबर 2022 को तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके के हाथों राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान मिला था। सम्मानित शिक्षक पर छात्रा को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद अब जांच समिति की रिपोर्ट पर नजरें टिकी हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





