नवापारा-राजिम। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नवापारा के मैडम चौक में आयोजित समारोह में इस बार देशभक्ति के साथ स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश सामने आया। नेता प्रतिपक्ष संध्या राव के नेतृत्व में मणिकंचन केंद्र तर्री, गोबरा एवं मुक्तिधाम में कार्यरत स्वच्छता दीदियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। संध्या राव ने स्वच्छता दीदियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आगे रखकर राष्ट्रसेवा के उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मैडम चौक को तिरंगे रंग के गुब्बारों और आकर्षक सजावटी सामग्री से सजाया गया था। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, वार्डवासियों, स्वच्छता दीदियों और नगर के प्रबुद्ध नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
संध्या राव ने बताया स्वच्छता भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण रूप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे जिम्मेदारी से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले वीरों ने अपने जीवन का बलिदान दिया, इसलिए आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने स्तर पर देश के विकास में योगदान दे।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने शहर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना भी राष्ट्रसेवा का हिस्सा है। स्वच्छता दीदियां रोजाना अपने कार्य के माध्यम से समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके श्रम और योगदान का सम्मान करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
संध्या राव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी ही आने वाले भारत का निर्माण करेगी। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और भविष्य में देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत भारत के लिए शिक्षा, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी तीनों पर समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।
बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
कार्यक्रम में आदर्श नवीन प्राथमिक शाला, दीनदयाल उपाध्याय नगर और नवकार पब्लिक स्कूल के बच्चे शामिल हुए। कई बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और देशभक्ति के नारों से मैडम चौक गूंज उठा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। साथ ही उपस्थित नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में आदर्श नवीन प्राथमिक शाला के प्राचार्य गोपाल यादव, उत्तम गोलछा, अहमद रिजवी, कौशल नगारची, अंजू, सीता, शहीदा, सविता, देवकी, शकुन, रशीद तिगाला, संतोष साहू सहित हमर क्लीनिक के समस्त स्टाफ, स्वच्छता दीदियां, स्कूली बच्चे और वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद बच्चों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से गुजरने वाले लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
स्वतंत्रता दिवस पर पत्रकारों ने किया ध्वजारोहण, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने मनाया आजादी का पर्व





