भारतीय सेना एवं विभिन्न सशस्त्र बलों में युवाओं को भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संचालित निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर में विशेष प्रशिक्षण देने पहुंचे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) भिलाई प्रथम बटालियन के जवान सुरेश कुमार साहू का सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। अवकाश के दौरान अपने गृहग्राम राजिम (पथर्रा) पहुंचे जवान ने युवाओं को शारीरिक दक्षता, दौड़, अनुशासन और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर उनका मार्गदर्शन किया।
आयोजनकर्ता जीत्तू यादव ने बताया कि जवान सुरेश कुमार साहू ने अपनी छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को सैन्य भर्ती की बारीकियां सिखाईं। अवकाश समाप्त होने पर उनके कर्तव्य स्थल रवाना होने से पहले शिविर परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
22 युवाओं का चयन, शिविर बना सफलता की पहचान
राजिम में संचालित यह निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर क्षेत्र के युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है। राजिम सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवक-युवतियां बड़ी संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि अब तक यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 22 युवाओं का चयन अग्निवीर योजना तथा विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सशस्त्र बलों में हो चुका है, जिससे क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का नया संचार हुआ है।
सेना में भर्ती केवल नौकरी नहीं, राष्ट्रसेवा का अवसर
कार्यक्रम में मौजूद शिविर के संयोजक एवं एनसीसी अधिकारी सागर कुमार शर्मा ने कहा कि अनुशासित प्रशिक्षण और सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि अनेक युवाओं ने वर्दी पहनने का सपना साकार किया है। उन्होंने कहा कि शिविर भविष्य में भी युवाओं को रोजगार और राष्ट्रसेवा की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।
सम्मानित जवान सुरेश कुमार साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘सेना में भर्ती केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का जज्बा है।’’ उन्होंने युवाओं से मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पंडित डीकेश शर्मा, जीत्तू यादव, सुरेश यादव, रघु सोनवानी सहित बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी ने जवान सुरेश कुमार साहू के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

