Heavy Rainरेस्क्यू टीम ने सभी मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला
Spread the love

गरियाबंद जिले के विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम बीजापाल में निर्माणाधीन पुल के कार्य में लगे 14 मजदूर अचानक उफनाई बगनई नदी के बीच फंस गए। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर देखते ही देखते बढ़ गया और मजदूरों के सामने जान बचाने का कोई रास्ता नहीं बचा। आखिरकार सभी ने नदी किनारे एक पेड़ का सहारा लिया और पूरी रात उसी पर बैठकर मौत से जंग लड़ते रहे।

रातभर अंधेरा, तेज बारिश और उफनती नदी के बीच मजदूरों ने किसी तरह हिम्मत बनाए रखी। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रात में रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। सुबह पहली किरण के साथ प्रशासन ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया और सभी मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

10 पुरुष, 4 महिलाओं ने पेड़ पर गुजरी पूरी रात

फंसे हुए मजदूरों में 10 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। नदी का बहाव इतना तेज था कि पानी में उतरना जान जोखिम में डालने जैसा था। मजदूर पूरी रात पेड़ की शाखाओं पर बैठे रहे और सुबह तक मदद का इंतजार करते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर शुरू हुए इस अभियान ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

पूरा प्रशासन रहा मौके पर मौजूद

रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत के सरपंच सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर डटा रहा। अधिकारियों ने लगातार हालात की निगरानी करते हुए बचाव दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने सराहा रेस्क्यू टीम का साहस

सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद क्षेत्र में राहत की सांस ली। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई एवं साहस की सराहना की। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

हमसे जुड़े WhatsApp Group

https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पर्यटन स्थल की खाई में मिला युवक का शव, प्रवेश द्वार पर मिली बाइक; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *