नवापारा। महानदी में बाढ़ आई तो पानी के साथ शराब की बोतलें भी बहकर आने लगीं। फिर क्या था, शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले सोमवारी बाजार पुल पर मेले जैसा नजारा बन गया। कोई बांस में जाली बांधकर तो कोई सब्जी का कैरेट और प्लास्टिक की टोकरी लेकर नदी में बहती बोतलों को पकड़ने की जुगत भिड़ाने लगा। शराब की बोतलों को हासिल करने की होड़ में लोग तेज बहाव के बीच अपनी जान तक जोखिम में डालते नजर आए। महानदी का उफान और लोगों का यह खतरनाक जुनून किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ाता रहा।
पुल पर उमड़ा हुजूम
लगातार बारिश के बाद महानदी केे तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की ओर आने की खबर फैली। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग नदी के बहाव पर नजरें टिकाकर बोतलों को पकड़ने की कोशिश करने लगे। इनमें अधिकांश देशी शराब की बोतलें होने की बात कही जा रही है। शराब के बहकर आने की खबर ने लोगों में ऐसी उत्सुकता पैदा की कि पुल के आसपास बोतलें पकड़ने वालों की भीड़ लगातार बढ़ती गई।
लोगों का बोतल पकड़ो अभियान
शराब की बोतलों को पकड़ने के लिए लोगों ने तरह-तरह के जुगाड़ लगाए। किसी ने बांस में मछली पकड़ने वाली जाली बांधी, तो कोई सब्जी का कैरेट और प्लास्टिक की टोकरी बांस के सहारे नदी में उतारकर बोतलें निकालने में जुट गया। तेज बहाव के बीच बोतलों को पकड़ने की कोशिश में कुछ लोग नदी के बेहद करीब तक पहुंच गए। पानी की रफ्तार और खतरे की परवाह किए बिना लोग बोतलों को अपने कब्जे में लेने की जुगत लगाते रहे। शराब की बोतलें हासिल करने की होड़ में सुरक्षा के तमाम इंतजाम पीछे छूटते नजर आए।
नारी गांव की शराब दुकान से बहकर आई बोतलें
बताया जा रहा है कि धमतरी जिले के ग्राम नारी स्थित शराब दुकान बाढ़ के पानी में डूब गई है। दुकान की दीवार ढह जाने के कारण वहां रखी प्लास्टिक की शराब की बोतलें नदी के तेज बहाव में बह गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राम नारी स्थित पुल पर भी में भी लोगों की भीड़ शराब की बोतलें पकड़ने के लिए जुटे रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






