कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया। बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित रिस्दा के शर्मा पेट्रोल पंप के पास लुढ़कते ट्रेलर को रोकने की कोशिश में चालक की दर्दनाक मौत हो गई। चालक ने संभावित हादसे को टालने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी, लेकिन किस्मत ने ऐसा साथ छोड़ा कि वह खुद ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक संतोष कुमार खैरवार (47) कोरबा का रहने वाला था। वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 2243 से मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचा था। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उसने रिस्दा स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर खड़ा किया और केबिन से नीचे उतरा। इसी दौरान ट्रेलर अचानक आगे की ओर लुढ़कने लगा।
हादसा रोकने दौड़ा, मिली मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर को बिना चालक के आगे बढ़ता देख संतोष कुमार तुरंत दौड़ पड़ा। उसने चलते ट्रेलर में चढ़कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
यात्री बस ने बाइक सवार को रौंदा, एक युवक की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

