धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में मां और छोटे भाई ने मिलकर बड़े बेटे की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने का असफल प्रयास किया। दोनों ने मिलकर युवक की पहले गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए उसे कीटनाशक पिला दिया और अंत में पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आत्महत्या नहीं, सुनियोजित हत्या निकली
मामला बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी का है। 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का गहन परीक्षण कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत फांसी से नहीं, बल्कि हाथों और रस्सी से गला कसकर श्वास अवरुद्ध किए जाने से हुई थी। डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से इसे हत्या का मामला बताया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नरसिंग साहू शराब का आदी था और अक्सर शराब पीने के लिए घरवालों से पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर वह विवाद, मारपीट और गाली-गलौज करता था। घटना वाले दिन भी उसने मां कमला बाई साहू (60) से शराब के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर घर में विवाद बढ़ गया। जिसके बाद छोटे भाई नरेश साहू (22) और मां ने गुस्से में पहले हाथों से नरसिंग का गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से उसका गला कस दिया।
जिंदा होने का डर, इसलिए पिला दिया कीटनाशक
पुलिस ने आरोपियों को हिरातस में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों को आशंका थी कि कहीं नरसिंग जिंदा न बच जाए। इसलिए हत्या के बाद उन्होंने उसे कीटनाशक भी पिला दिया, ताकि उसकी मौत निश्चित हो जाए।
फांसी पर लटकाकर रची झूठी कहानी
हत्या के बाद मां और बेटे ने साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया। परिजनों और आसपास के लोगों के सामने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सूक्ष्म जांच, वैज्ञानिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने उनकी पूरी साजिश बेनकाब हो गई।
मां-बेटा गिरफ्तार
धमतरी पुलिस ने आरोपी मां कमला बाई साहू और छोटे भाई नरेश साहू को गिरफ्तार कर हत्या, साक्ष्य मिटाने और साझा आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

