कुरूद। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसे सस्ते दाम पर बिजली का सामान दिलाने और कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर गरियाबंद ले जाया गया। वहां से लौटते समय मंदरौद स्थित एक नर्सरी में दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले की रहने वाली 45 वर्षीय महिला की पहचान ग्राम बगदई निवासी महेंद्र कुमार साहू से थी। महेंद्र बिजली मिस्त्री का काम करता है। आरोप है कि उसने महिला को सस्ते दाम पर बिजली का सामान उपलब्ध कराने और किसी कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि महिला 5 अगस्त को आरोपी के साथ गरियाबंद गई थी। वहां से वापस लौटते समय महेंद्र अपने एक साथी के साथ महिला को मगरलोड क्षेत्र के रास्ते मंदरौद स्थित नर्सरी लेकर पहुंचा। आरोप है कि शाम करीब 7 बजे दोनों आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
17 दिन बाद थाने पहुंची पीड़िता
घटना के बाद महिला ने 22 अगस्त को कुरूद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महेंद्र कुमार साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए 23 अगस्त को आरोपी महेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






