रायपुर जिले के नवापारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जौंदी में ग्रामसभा की बैठक के दौरान उपसरपंच से मारपीट की गई। सरपंच पुत्र समेत सात लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची से नाम हटाने को लेकर विवाद शुरू किया, जो मारपीट तक पहुंच गया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपंच पुत्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्रधानमंत्री आवास सूची पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जौंदी में ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान कुछ नाम सूची में शामिल नहीं होने को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उपसरपंच ने लगाए मारपीट के आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान उन पर पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने का गलत आरोप लगाया गया। जब उन्होंने अपनी बात रखने का प्रयास किया तो सरपंच पुत्र टोमन लाल साहू सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की, सार्वजनिक रूप से मारपीट की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। इस घटना में उन्हें शारीरिक चोटें भी आईं। उपसरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।
उपसरपंच का कहना है कि पंचायत की पूर्व बैठकों में भी उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया जा चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि पंचायत में अपनी बात रखने पर उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत में सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
सात आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोबरा नवापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईस्तगासा क्रमांक 93/150 के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लेखराम साहू (37), अलखराम साहू (44), मिथिलेश कुमार साहू (43), बैतलराम साहू (32), प्रहलाद साहू (55), टोमन लाल साहू (43) तथा चिंतामणि साहू (45) निवासी ग्राम जौंदी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय, अभनपुर में पेश करने के लिए रवाना कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
हमसे जुड़े WhatsApp Channel
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ग्राम सभा में हंगामा! उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ शिकायत

