Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
MCB यात्री बस पेड़ से टकराई
Spread the love

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में एक बच्ची सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बस चालक समेत 15 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, एक गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

बेकाबू हुई बस, मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे यात्री बस मनेन्द्रगढ़ MCB से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इसी दौरान केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तत्काल शुरू हुआ राहत-बचाव अभियान

MCB Accident घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए आगे आए। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में से 15 को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल बस के अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये

MCB बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 5-5 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने जिला MCB प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

भीषण हादसा: यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी, एक की मौत

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *