नवापारा इलाके में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक नाबालिग छात्रा के घर पर जेसीबी चढ़ाकर उसे तोड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि छात्रा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, उसके बाल पकड़कर घसीटे और उसके साथ अभद्रता की। पीड़िता ने इस मामले में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जेसीबी लेकर पहुंचे दबंग
जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रा निवासी कक्षा 11वीं की पीड़ित छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार 11 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर के पास मोहल्ले में मौजूद थी। इसी दौरान गांव के ही दो रसूखदार आनन्द अग्रवाल और उसके पिता संजय अग्रवाल अचानक जेसीबी मशीन लेकर वहां आ धमके और उसका घर तोड़ने की धमकी देने लगे।
छात्रा से की मारपीट
जब नाबालिग छात्रा ने इसका विरोध किया, तो आरोपी आनंद और संजय अग्रवाल आक्रोशित हो गए। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने छात्रा के साथ जबरदस्ती करते हुए उसके बाल पकड़ लिए, उसके कपड़े खींचे जिससे उसके कपड़े फट गए, और उसकी छाती व पेट पर लात-घूंसों से मारपीट की।
ग्रामीणों और महिलाओं ने बचाई जान
छात्रा की चीख-पुकार सुनकर मौके पर गांव के लोग और मोहल्ले की महिलाएं इकट्ठा हो गईं। कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे पीड़िता की जान बचाई। इस घटना के बाद नाबालिग छात्रा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गोबरा नवापारा थाना प्रभारी अधिकारी एवं उपनिरीक्षक अरुण साहू ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 115(2), 296, 333, 351(2), 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ग्रामसभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट, सरपंच पुत्र समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

