एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। मौके से एक डायरी, पेन और मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। जांजगीर-चांपा जिले के मूलमुला थाना क्षेत्र का है।
पत्नी से होता था विवाद
जानकारी के अनुसार, मूलमुला क्षेत्र के ग्राम झलमला शंकर यादव पिता छतु यादव (उम्र 35 वर्ष) का अपनी पत्नी संध्या यादव के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चलता था। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और मारपीट होती रहती थी।
बताया जा रहा है कि पूर्व में हुए विवाद की जानकारी संध्या यादव ने अपने मायके पक्ष को दी थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और शंकर यादव को समझाइश के लिए कुछ समय के लिए पुलिस अभिरक्षा में भी रखा गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने पर शंकर यादव अपनी पत्नी को पुनः अपने गांव झलमला ले आया, जहां दोनों कुछ समय तक सामान्य रूप से साथ रह रहे थे।
मानसिक तनाव में आत्महत्या की आशंका
इसी बीच एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद शंकर यादव मानसिक तनाव में आ गया और उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के समय उसकी पत्नी संध्या यादव अपने मायके गई हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर मूलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को घर के एक कमरे में सुरक्षित रखकर सील कर दिया गया है। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक डायरी, पेन और मोबाइल फोन जब्त कर जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जब्त सामग्री और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

