MLA Rohit Sahu
Spread the love

कलेक्टर से ली जिले के हालात की जानकारी, स्कूलों को लेकर आवश्यक निर्णय लेने के दिए निर्देश; अफवाहों से बचने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील

गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं तथा कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल की हानि का कारण बन सकती है।

विधायक रोहित साहू ने बताया कि उन्होंने दूरभाष पर गरियाबंद कलेक्टर से चर्चा कर जिले में भारी बारिश की स्थिति, बाढ़ प्रभावित गांवों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए जिले के सभी विद्यालयों के संबंध में आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। विशेष रूप से उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों, डूबान क्षेत्रों और जलभराव वाले स्थानों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील

विधायक ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तालाबों के आसपास जाने से रोकें। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बिजली कर्मचारियों की सराहना

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। विधायक रोहित साहू ने विषम परिस्थितियों में बिजली बहाल करने में जुटे विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि टूटे हुए बिजली के तारों, झुके हुए खंभों या विद्युत लाइनों के संपर्क में आने से बचें तथा ऐसी जानकारी तत्काल विद्युत विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।

राहत एवं बचाव दल अलर्ट मोड पर

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा राहत एवं बचाव दलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे।

अफवाहों से बचने की अपील

विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक संयम और सतर्कता बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। सभी के सहयोग और जागरूकता से संभावित जन-धन की हानि को रोका जा सकता है।

हमसे जुड़े WhatsApp Group

https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पुल निर्माण के कार्य में लगे 14 मजदूर नदी में फंसे, एसडीआरएफ ने किया सफल रेस्क्यू, मजदूरों ने पेड़ पर बिताई रात

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *