Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
शिक्षक हत्याकांड
Spread the love

आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की निर्मम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग से जुड़े करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन और तीन महीने के ब्याज का विवाद बनी। मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

महानदी किनारे मिला था शिक्षक का शव

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर पिता शंकरलाल चंद्राकर (46 वर्ष) निवासी रामपुर डंगनिया थाना गोबरा नवापारा के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। ग्रामीणों और गांव के चरवाहे से पूछताछ में पता चला कि मृतक को आखिरी बार चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ स्कूटी पर बनचरौदा की दिशा में जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और VSK ऐप के लॉग रिकॉर्ड की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्ध की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

VSK ऐप के लॉग से सामने आई गतिविधियों की कड़ी

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाशपुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह लगभग 9.35 बजे चंद्रप्रकाश वर्मा स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह निजी काम का बहाना बनाकर स्कूल से बाहर चला गया। बताया गया कि उसने घटना के दौरान मोबाइल का लोकेशन बंद रखा और हत्या के बाद दोपहर करीब 12.50 बजे स्कूल वापस लौटा। स्कूल लौटने पर आरोपी ने अपने मोबाइल से VSK ऐप में लॉगिन नहीं किया, बल्कि मोबाइल घर पर रह जाने की बात कहकर साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज की।

30 लाख रुपये की उधारी और ब्याज को लेकर था विवाद

पुलिस ने संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक पिछले करीब चार वर्षों से परिचित थे। दोनों रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग से जुड़े हुए थे। चंद्रप्रकाश ने मृतक शिवकुमार को लगभग 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।

सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाशआरोपी के अनुसार, वह हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से ब्याज का भुगतान नहीं मिला रहा था। इसी लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास दोनों की मुलाकात हुई। पैसे और ब्याज की वापसी को लेकर विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी स्कूटी में रखे धारदार हथियार से मृतक के सिर के पीछे हमला किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया।

स्कूटी, हथियार, हथौड़ा और ब्लैंक चेक जब्त

पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार और हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स और दोनों मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका, चंपारण का रहने वाला था मृतक

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *