राजिम। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम सिर्रीखुर्द में एक पोते पर अपने ही दादा के साथ डंडे से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें डायल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर पहुंचाया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पोते नवीन सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डंडे से हमला करने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, घायल बुजुर्ग की पहचान ग्राम सिर्रीखुर्द निवासी ओमकार सोनी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि नवीन सोनी शराब के नशे में था और इसी दौरान उसने अपने दादा पर डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। फिलहाल मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पहले भी विवाद और मारपीट करने का आरोप
परिजनों ने आरोपी पर पहले भी परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने और हमला करने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। परिवार के सदस्य भीमलाल सोनी के अनुसार, 31 मई 2026 को नवीन सोनी मुर्गी काटने वाले हथियार के साथ घर में घुसा था और परिवार के सदस्यों पर हमला करने की कोशिश की थी।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
परिजनों का कहना है कि गुरुवार को भी आरोपी नशे की हालत में था। दादा के साथ मारपीट करने के बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई करने लगा था। फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन सोनी को हिरासत में लिया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





