बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के जुनापारा चौकी अंतर्गत अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के जोगीपुर वन क्षेत्र में बाघिन के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने साथियों के साथ जंगल में करील-पिहरी (मशरूम) लेने गया था। इसी दौरान दो शावकों के साथ मौजूद बाघिन ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत घृतलहरे अपने साथियों भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ घृतलहरे और रामफल घृतलहरे के साथ 24 अगस्त को जोगीपुर परिसर के पाड़ाडोंगरी क्षेत्र की ओर गया था। बताया जा रहा है कि जंगल के घने हिस्से में पहुंचने के दौरान अचानक बाघिन ने हमला कर दिया।
गर्दन पर किया हमला
बताया गया कि बाघिन ने युवक की गर्दन को अपने जबड़े में दबोच लिया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने जंगल से युवक का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शावकों की मौजूदगी से बाघिन थी आक्रामक
अचानकमार टाइगर रिजर्व के एसडीओ समीर जोनाथन के अनुसार, क्षेत्र में 2 से 3 बाघ सक्रिय हैं। इनमें एक बाघिन ने हाल ही में शावकों को जन्म दिया है। शावकों की सुरक्षा के कारण बाघिन अपने क्षेत्र में अधिक आक्रामक हो सकती है। बताया जा रहा है कि बाघिन अपने शावकों के साथ घटनास्थल के आसपास ही विचरण कर रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
मानसून में प्रतिबंधित है प्रवेश
वन विभाग के अनुसार मानसून अवधि के दौरान टाइगर रिजर्व के कोर और प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश वर्जित रहता है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल के गहरे और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग या पुलिस को दें।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
गांव में घूम रहा तेंदुआ पिंजरे में कैद! ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन विभाग ने किया रेस्क्यू






