बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में तेज रफ्तार कार के हादसे के बाद कार के अंदर कपल रोमांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने वाहन को फुटपाथ पर चढ़ा दिया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि फुटपाथ पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान कार में कुछ युवक-युवतियां सवार थे। कार की ड्राइविंग सीट पर एक युवक और आगे की सीट पर एक युवती बैठी थी, जबकि पीछे अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे और तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और एक दुकान के सामने बने फुटपाथ पर कार चढ़ गई। टक्कर के कारण कार को काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि फुटपाथ पर मौजूद लोग हादसे की चपेट में नहीं आए।
कार में ही करने लगे रोमांस
हादसे के बाद कार में मौजूद कपल के व्यवहार ने मौके पर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। वायरल वीडियो में दोनों कार के अंदर एक-दूसरे के साथ रोमांस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद भी उन्हें दुर्घटना की गंभीरता की परवाह नहीं थी। स्थानीय लोगों ने जब उनके इस व्यवहार का विरोध किया तो विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
विवाद बढ़ा तो सड़क पर हुई मारपीट
मामला बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने युवक-युवती को कार से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों के साथ सड़क पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि घटना को लेकर अब तक किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





