राजिम। शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम में ‘‘विकसित भारत की ओर लोकतंत्र के लिए युवा’’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संस्था प्रमुख डॉ. के.आर. मतावले ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष छाया राही, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभिषेक सोनकर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष दीपक साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू एवं वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद कुलेश्वर साहू उपस्थित रहे। इनके अलावा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद कु. विद्या साहू एवं कु. पुष्पलता साहू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का राज्यगीत श्अरपा पैरी के धारश्, राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी किया गया।
संस्था प्रमुख ने दी जानकारी
कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आकाश बाघमारे ने युवा संवाद की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र में उनकी भूमिका, अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। संस्था प्रमुख डॉ. के.आर. मतावले ने महाविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
विधायक रोहित साहू ने युवाओं से लिया विकसित भारत का संकल्प
संवाद सत्र में विधायक रोहित साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे विशेष रूप से युवाओं के बीच संवाद करने आए हैं, क्योंकि संवाद से ही हर समस्या का समाधान निकलता है। देश के हित में लगातार कार्य हो रहे हैं और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका समझनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश एवं अपने क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि मतदान करते समय हमेशा देशहित को सर्वाेपरि रखना चाहिए। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रत्येक युवा को संकल्प लेकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
जनभागीदारी अध्यक्ष छाया राही ने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्न पूछना और अपनी बात रखना सबसे बड़ा अधिकार है। यही लोकतंत्र की असली ताकत है। युवाओं को सजग होकर अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े सवाल पूछने चाहिए तथा बिना भटकाव के विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष ने चुनाव के महत्व पर डाला प्रकाश
भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू ने चुनावों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के सर्वांगीण विकास में चुनाव व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अपने मतदान की शक्ति पहचानकर उसका सही उपयोग करना चाहिए। वहीं अभिषेक सोनकर ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। विश्व के सबसे बड़े लिखित संविधान वाले देश की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विद्यार्थियों ने पूछे विकास और पेपर लीक से जुड़े सवाल
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों और विधायक के बीच हुआ सीधा संवाद रहा। छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र, विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े सवाल पूछकर अपने विचार साझा किए। छात्र खेमराज साहू ने विकास कार्यों के लिए बजट निर्धारण, राशि आवंटन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया को लेकर सवाल किया। कु. सोनम साहू ने सड़क निर्माण और पेपर लीक के मुद्दे पर प्रश्न उठाया, जबकि कु. मधु पाल ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता पर सवाल किया। अतिथियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक जवाब दिया।
एनएसएस विद्यार्थियों के लिए 50 हजार रुपये की घोषणा
विद्यार्थियों के उत्साह और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए विधायक रोहित साहू ने एनएसएस के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उपयोग होने वाली वेशभूषा हेतु 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इस घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक एम.एल. वर्मा, डॉ. राजेश बघेल, चित्रा खोटे, श्वेता खरे, डॉ. भानुप्रताप नायक, मनीषा भोई, डॉ. देवेंद्र देवांगन, मुकेश कुर्रे, नीलकंठ साहू सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंच संचालन श्रीमती क्षमा शिल्पा चौहान ने किया। कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी समझने, सवाल पूछने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





