बिलासपुर। जिले में श्मशान घाट से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में महिला की जलती चिता के पास तंत्र साधना करने के आरोप में एक बाबा की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से बेरहमी से मारते नजर आ रहे हैं। मारपीट में घायल बाबा को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले में बाबा की पहचान शिवराम बाबा के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, महिला की चिता के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना किए जाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
महिला के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान पहुंचा था बाबा
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया। चिता जलाने के बाद परिवार के लोग घर लौट गए। देर रात जब परिजन दोबारा श्मशान घाट पहुंचे तो वहां शिवराम बाबा के साथ एक बुजुर्ग और दो युवक मौजूद थे। परिजनों को देखकर दोनों युवक मौके से भाग निकले, जबकि बाबा और बुजुर्ग को लोगों ने पकड़ लिया।
चिता से हड्डियां गायब होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि महिला के अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा श्मशान घाट पहुंचा था और जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तंत्र साधना कर रहा था। परिजनों ने चिता से सिर और हड्डियां गायब होने की बात भी कही है। इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया।
वायरल वीडियो में परिजन बुजुर्ग से हड्डियों के बारे में पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बुजुर्ग कथित तौर पर कहता है कि बाबा ने हड्डियां निकाली हैं, लेकिन उन्हें कहां रखा गया है, इसकी जानकारी उसे नहीं है। उसने बताया कि उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। बाबा मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें चिता पर डाल रहा था। बुजुर्ग ने खुद को इस पूरे मामले से अलग बताते हुए कहा कि उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
जमीन पर घसीटकर की बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि महिला के शव और चिता के साथ छेड़छाड़ की आशंका से नाराज मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव सहित कुछ लोगों ने शिवराम बाबा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोग उसे जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लगातार लात-घूंसे बरसाने लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाबा को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भिजवाया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि श्मशान घाट में लोग बैठकर शराब पी रहे थे और उनके साथ मारपीट की गई। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





